रिसदा बायपास व सेमराडीह मुख्य मार्ग की मरम्मत की मांग, पंचायत प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
ओम जायसवाल बलौदाबाजार-

ग्राम रिसदा के जर्जर सड़क मार्गों की मरम्मत की मांग को लेकर ग्राम पंचायत रिसदा के पंचायत प्रतिनिधियों ने सरपंच गणेश राम साहू के नेतृत्व में कलेक्टर बलौदा बाजार को ज्ञापन सौंपा। पंचायत प्रतिनिधियों ने रिसदा बायपास मार्ग से ढाबाडीह तक तथा रिसदा से सेमराडीह मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग रखी।

पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से सड़क की स्थिति बेहद खराब है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है और आवागमन बाधित हो रहा है। खराब सड़क के चलते आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत कराया जाना आवश्यक है। वहीं, यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो समस्त ग्रामवासियों द्वारा धरना-प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कलेक्टर बलौदा बाजार ने पंचायत प्रतिनिधियों को सड़क की मरम्मत कराए जाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अधिवक्ता गणेश शंकर साहू, उपसरपंच पवन वर्मा, कुबेर साहू, दानी वर्मा, पप्पू डहरिया, सुनीता शर्मा, शांति ध्रुव, ऊष्मा ध्रुव और हेमंत वर्मा सहित ग्राम पंचायत के पंचगण उपस्थित रहे।

