बलौदाबाजार में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, योजनाओं का घर-घर होगा प्रचार
ओम जायसवाल बलौदाबाजार-

जिले में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और सभी विभागों को व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु’ जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभिन्न विकासखंडों में विशेष शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी और सेवाओं का लाभ दिलाने पर जोर रहेगा।
पूरे माह ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। साथ ही ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जन सेवक महाकुंभ’ के साथ होगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

