बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख की ठगी, आरोपी दंपती गिरफ्तार
ओम जायसवाल बलौदाबाजार-बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 2 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में भाटापारा शहर थाना पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी दंपती को रायपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महावीर वार्ड निवासी वीरेन्द्र साहू और उसकी पत्नी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपती के खिलाफ उनके सगे साले ने नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने और ठगी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, बिजली विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर आरोपी ने करीब 2 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बताया जा रहा है कि आरोपी वीरेन्द्र साहू पूर्व में शिक्षा विभाग में संविदा कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी दंपती वर्ष 2025 से फरार चल रहे थे।
भाटापारा शहर थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना एवं अन्य जांच के आधार पर दोनों को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रकम देने से पहले संबंधित विभाग और नियुक्ति प्रक्रिया की पूरी जानकारी लेना जरूरी है।


