August 17, 2026

बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने जनहित के मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा

file_00000000b1bc81fab441bb74c2e4f100

ओम जायसवाल बलौदाबाजार
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बहुजन समाज पार्टी ने जनहित के मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। बसपा विधानसभा इकाई कसडोल ने लवन–करदा–मरदा–पैसर मार्ग की जर्जर स्थिति और सड़क दुर्घटनाओं में मवेशियों की मौत रोकने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

बहुजन समाज पार्टी विधानसभा इकाई कसडोल के नेतृत्व में सोमवार, 3 अगस्त 2026 को जिला कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा को जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में लवन–करदा–मरदा–पैसर मार्ग की अत्यंत खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क का शीघ्र मरम्मत कार्य कराने तथा वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद गुणवत्तापूर्ण स्थायी निर्माण कराने की मांग की गई।
बसपा नेताओं का कहना है कि यह मार्ग हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में गोवंश एवं अन्य मवेशियों की लगातार हो रही मौत पर भी चिंता जताई गई। ज्ञापन में जिले की प्रमुख सड़कों पर विचरण करने वाले गोवंश और मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टिव कॉलर लगाए जाने की मांग की गई, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को दूर से ही पशु दिखाई दें और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बहुजन समाज पार्टी ने जिला प्रशासन से इन दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।


फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस ज्ञापन पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

ओम जायसवाल, अपना न्यूज़ 24.in, बलौदाबाजार।