October 4, 2026

नशे में धुत युवक का लवन पुलिस थाने के सामने हंगामा, पुलिस के जवान के सूझबूझ से बड़ी घटना टली

0

बलौदाबाजार लवन

नमस्कार, मैं ओम जायसवाल… आप पढ़ रहे हैं अपना न्यूज़ 24.in

बलौदा बाजार जिले के लवन थाना के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कथित तौर पर शराब के नशे में एक युवक अपने छह माह के मासूम बच्चे को लेकर हंगामा करने लगा। पुलिस की सूझबूझ और धैर्य से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक कथित तौर पर नशे की हालत में अपने छह माह के बच्चे को चलती गाड़ियों की ओर ले जाने और जमीन पर पटकने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलते ही लवन थाना के पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और युवक को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि युवक लगातार हंगामा करता रहा, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इसी दौरान एक ग्रामीण युवक को समझाने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि युवक ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। जैसे ही पुलिस को उचित मौका मिला, जवानों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चे को सुरक्षित युवक के कब्जे से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित अपनी निगरानी में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, युवक लवन थाना क्षेत्र के जुड़ा गांव का रहने वाला है और अपनी शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंचा था। पुलिस ने उसे समझाया कि उसकी शिकायत दर्ज की जाएगी, लेकिन वह नशे की हालत में नहीं बल्कि सामान्य स्थिति में अपने परिजनों के साथ आए। बताया जाता है कि इसी बात से नाराज़ होकर युवक ने थाना के सामने मुख्य मार्ग जाम करने की कोशिश की।

पुलिस ने न केवल स्थिति को नियंत्रण में किया बल्कि युवक के परिजनों को थाने बुलाकर बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया। इसके बाद पुलिस ने बच्चों के लिए दूध और बिस्किट की व्यवस्था भी की तथा उन्हें पुलिस वाहन से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया।

इस पूरी घटना में लवन पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। जवानों ने न तो धैर्य खोया और न ही नशे में धुत युवक के साथ किसी प्रकार की कठोरता दिखाई। उनकी सूझबूझ, संयम और संवेदनशीलता के कारण एक संभावित बड़ी अप्रिय घटना टल गई।

ऐसे पुलिस जवान, जिन्होंने मौके की नजाकत को समझते हुए मासूम बच्चों की जान सुरक्षित रखी और मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया, निश्चित रूप से प्रशंसा के पात्र हैं।

ओम जायसवाल, अपना न्यूज़ 24.in।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *