उफनते बरघाट नाले में फंसे युवक की बचाई जान, जांबाजों का सम्मान
ओम जायसवाल बलौदाबाजार – कसडोल थाना क्षेत्र के बलार रोड स्थित बरघाट नाले में 8 अगस्त की रात तेज बहाव में बहे युवक की जान बचाने वाले पुलिस जवानों, डायल 112 टीम और ग्राम असनींद के 8 साहसी ग्रामीणों को पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

भारी बारिश के चलते बरघाट नाला उफान पर था। युवक तेज बहाव में बहकर नाले के बीच पेड़ के सहारे फंस गया था। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस, डायल 112 टीम और ग्रामीणों ने अंधेरी रात में रस्सी के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

एसपी गौरव राय ने टीम के साहस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से विषम परिस्थितियों में अनमोल जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों और रपटों को पार करने का जोखिम न उठाएं।


